सैदपुर : तालवाली महाकाली मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि पर शिवलिंग की स्थापना, पूरे क्षेत्र व नगर में प्रतिमा को कराया गया भ्रमण

सैदपुर। मिर्जापुर ग्राम पंचायत के अल्लीपुर गांव स्थित तालवाली महाकाली मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के मौके पर भव्य आयोजन किया जाएगा। परिसर में ही स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवलिंग स्थापना महाशिवरात्रि पर्व पर किया जाएगा। स्थापना से पूर्व शनिवार को पूरे नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें कई मील तक पैदल कलश यात्रा करते हुए सैकड़ों महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल रहे। महाकाली मंदिर से निकली कलश यात्रा पैदल ही बहरियाबाद रोड से होते हुए कोतवाली व वहां से पुराने स्टेट बैंक तक पहुंची। वहां से पैदल ही मुख्य बाजार होते हुए मुख्य चौराहे से रंगमहल घाट तक पहुंचे। जहां विधि विधान से पूजा अर्चना की गई और सभी श्रद्धालु कलश में जल लेकर पुनः मंदिर के लिए चले। इस दौरान पूरे क्षेत्र की रक्षा की प्रार्थना के लिए सबसे आगे शिवलिंग एवं नंदी की प्रतिमा को नगर व क्षेत्र भ्रमण कराने के लिए रखा गया था। वहां से वो पुनः मंदिर पहुंचे। इस बाबत प्रधान संघ के अध्यक्ष रजई यादव ने बताया कि महाशिवरात्रि के मौके पर विधि विधान से शिवलिंग की स्थापना कर दी जाएगी। इस मौके पर पुजारी बचानू बाबा सहित युवा शक्ति संघ अध्यक्ष सुनील यादव, विनोद प्रजापति, बब्बल यादव, शंकर यादव, शिवपूजन यादव, राजेश यादव, पवन यादव, नंदलाल यादव आदि रहे।

