मदरसे के नतीजे घोषित, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

गोण्डा। जिले के गौरा क्षेत्र स्थित बढ़ौलीपुर के जामिया अहलेसुन्नत क़ादरिया गुलशने रज़ा, लोथरपुर (भरपुरवा) में सालाना इम्तिहान के नतीजों का ऐलान बड़े ही शानदार और पुरअसर माहौल में किया गया। इस दौरान विभिन्न दर्जों में अव्वल, दोम और सोम पोज़िशन हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को इनामात देकर उनकी हौसला-अफ़ज़ाई की गई। मदरसे में सालाना इम्तिहान का आयोजन पूरी शफ़्फ़ाफ़ियत और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। जुमेरात को आयोजित इस कार्यक्रम में इलाक़े के गणमान्य लोग, असातिज़ा, सरपरस्त और बड़ी तादाद में वालिदैन मौजूद रहे। पत्रकार हज़रत अल-हाज क़ारी शरफ़ुद्दीन ख़ान हशमती ने इल्म-ए-दीन की अहमियत पर कहा कि शिक्षा इंसान को सही और ग़लत की पहचान कराती है। कहा कि ‘आधी रोटी खाएं, मगर बच्चों को ज़रूर पढ़ाएं।’ कहा कि दीनी तालीम के साथ दुनियावी तालीम भी बेहद ज़रूरी है, ताकि बच्चे आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, एडवोकेट बनकर समाज और मुल्क की खिदमत कर सकें। इस दौरान तीसरे दर्जे में अव्वल शाजिया ख़ातून बिन्ते इम्तियाज़ अली, दोम सबीरा ख़ातून बिन्ते अतहर अली, सोम साइबा ख़ातून बिन्ते वाजिद अली, दर्ज-ए-दोम में अव्वल शाहीन बानो, दोम ज़ीनत फ़ातिमा बिन्त मुहम्मद शादाब रज़ा, सोम नसीरुन्निसा दर्ज-ए-अव्वल में अव्वल उमैमा ख़ातून, दोम नर्गिस फ़ातिमा बिन्ते नसरुद्दीन, सोम अल्फ़िया ख़ातून, दर्ज-ए-नर्सरी में अव्वल नासिर अली इब्ने मुमताज़ अली, दोम हिदायत फ़ातिमा, सोम बुशरा ख़ातून रहे। इस मौके पर प्रिंसिपल मौलाना अली अहमद हश्मती, आबिद रज़ा बेग, वहीदुल्लाह, ग़ुलाम सईद, मोहम्मद क़ासिम, प्रधान प्रतिनिधि इरफ़ान ख़ान हशमती आदि रहे।

