आपराधिक मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पासपोर्ट बनवाकर विदेश चला गया आरोपी, मुकदमा दर्ज, पुलिसिया कार्यशैली पर उठे प्रश्न

गोंडा। कटरा बाजार थानाक्षेत्र के कौड़हा जगदीशपुर के मोहम्मदपुर मौजा निवासी फिजा खान की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही कैश खां उर्फ अब्दुल वहाब के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि आपराधिक मुकदमे की जानकारी छिपाकर फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाकर आरोपी विदेश चला गया। बताया कि जनवरी 2024 में कैश खां उर्फ अब्दुल वहाब ने अपने साथियों के साथ मिलकर फिजा खान की पिटाई की थी। जिसके बाद थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था और विवेचना के बाद आरोप पत्र भी न्यायालय में भेजा जा चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने संबंधित आपराधिक मामले छिपाते हुए पुलिस अधिकारियों को गुमराह किया और गलत तथ्य प्रस्तुत कर पासपोर्ट बनवा लिया। बताया गया कि दिसंबर 2025 में वह एक अरब देश के लिए रवाना भी हो गया। जिसके बाद फिजा खान ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में तथ्य छिपाकर दस्तावेज तैयार कराने की पुष्टि होती है तो आरोपी के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस तरह से पासपोर्ट बन जाने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न उठता है कि आखिर पुलिस ने किस प्रकार से वेरिफिकेशन किया कि हर चीज ऑनलाइन दर्ज होने के डिजिटल जमाने में भी उन्हें आरोपी के मुकदमे का पता नहीं चल सका।

