सैदपुर : गलत लेन में आये वाहन से बचने में शेखपुर अंडरपास पर डिवाइडर से टकराई कार पलटी, 8 गम्भीर, न्यू लीलावती अस्पताल में बची जान

सैदपुर। थानाक्षेत्र के शेखपुर अंडरपास स्थित गोरखपुर वाराणसी फोरलेन पर गलत लेन में जा रहे वाहन से बचने के चक्कर में शनिवार की दोपहर में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और रफ्तार तेज होने चलते वो सड़क पर ही पलट गई। जिससे कार में सवार मां-बेटे सहित कुल 8 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी को फौरन सादीभादी मोड़ स्थित न्यू लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां समय से उपचार मिलने से सभी की जान बचाई जा सकी। सभी वाराणसी में एक मांगलिक कार्यक्रम से शिरकत करने जा रहे थे। ग़ाज़ीपुर के खालिसपुर व नवापुरा से 2 परिवार एक ही कार में सवार होकर गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी जा रहे थे। अभी वो फोरलेन स्थित अंडरपास पर पहुंचे ही थे कि तभी सामने से गलत लेन में आ रही गाड़ी से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गयी और डिवाइडर से टकरा गयी। टक्कर इतनी तेज थी कि रफ्तार के कारण कार वहीं पलट गई और उसमें सवार 8 लोग गम्भीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद सूचना पाकर मौके पर तत्काल पुलिस पहुंच गई और भीड़ के सहयोग से सभी को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए फौरन सादीभादी मोड़ स्थित न्यू लीलावती अस्पताल भेजा गया। जहां डॉ राजीव यादव ने अन्य चिकित्सा कर्मियों के साथ उनका तत्काल उपचार शुरू किया। प्रबंधक नितेश यादव ने बताया कि घटना में घायलों में खालिसपुर ग़ाज़ीपुर निवासी 47 वर्षीय चंद्रपाल सिंह पुत्र महेंद्र सिंह सहित उनकी मां 70 वर्षीय फूलमति देवी, पत्नी 42 वर्षीय रेखा सिंह, बेटी 20 वर्षीय रिमझिम सिंह, बेटा 10 वर्षीय शिवा सिंह व नौकापुरा निवासी 40 वर्षीय अभय सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह, पत्नी 35 वर्षीय नीलम सिंह और बेटा 14 वर्षीय अभिषेक सिंह शामिल हैं। डॉ राजीव ने बताया कि समय से उपचार के चलते सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं।

