सैदपुर : सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के 2 दिनों पूर्व वेद इंटरनेशनल स्कूल को मिली बड़ी सराहना, सीबीएसई के 26 देशों के संबद्धता प्रमुख ने किया एकदिवसीय दौरा

सैदपुर। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं के शुरू होने के 2 दिनों पूर्व क्षेत्र के बासूपुर स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय व उत्कृष्टता केन्द्र दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) के निदेशक प्रो. डॉ. रामशंकर के एक दिवसीय दौरे से स्कूल का मान बढ़ा है। स्कूल में पहुंचने पर स्कूल के प्रबंध निदेशक पंकज श्रीवास्तव द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। डॉ. रामशंकर वर्तमान में पूरी दुनिया के 27 देशों में फैले सीबीएसई के 26 देशों में सीबीएसई संबंद्ध स्कूलों के प्रमुख हैं। डॉ. रामशंकर ने स्कूल पहुंचने पर स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों से शैक्षणिक गतिविधियों, उनके लक्ष्य एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा करते हुए उनका हौसलाफजाई किया। बच्चे भी दुनिया के 26 देशों के सीबीएसई संबद्धता प्रमुख को अपने बीच पाकर बेहद उत्साहित थे और उन्होंने उत्साहपूर्वक अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक है तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। एकदिवसीय दौरे के दौरान डॉ. रामशंकर द्वारा नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रकाशित विज्ञापन पुस्तिका का विधिवत विमोचन किया गया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के मेधावी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने उनके आगमन को गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की। इस मौके पर हैप्पी होम इंग्लिश स्कूल वाराणसी के प्रबंधक पुष्प रंजन अग्रवाल, डिवाइन ग्लोबल स्कूल जमानियां के निदेशक प्रकाश यादव, वेद इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य रितेश मिश्रा, उप प्रधानाचार्य महेश शुक्ला, कोऑर्डिनेटर अपूर्वा सिन्हा, पूनम श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, अंजली सिंह, राजन गुप्ता आदि रहे।

