कासिमाबाद/सैदपुर : नशे में धुत बाइक सवार ने नाहक ही ले ली युवक की जान, बाइकों की टक्कर में दोस्त से मिलने गए युवक की मौत

सैदपुर/कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के फत्तेपुर में बीती रात दो बाइकों की भीषण टक्कर में युवक की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैदपुर के दारुनपुर महुलियां निवासी 29 वर्षीय मिथिलेश यादव पुत्र इंद्रजीत यादव का दोस्त कासिमाबाद में रहता है। वो शुक्रवार को उसी से मिलने के लिए बाइक से आया था। यहां से मिथिलेश बाइक से ही घर जा रहा था। अभी वो फत्तेपुर पहुंचा ही था कि सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। जिसमें मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजनों को पता चला तो उनमें कोहराम मच गया। रात में परिजन रोते बिलखते वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस बाइक से टक्कर हुई, उसे चला रहा सवार व उस पर बैठा युवक दोनों ने छककर शराब पी थी और वो नशे में धुत थे। नशे में ही उन्होंने टक्कर मारी है, जिसमें मिथिलेश की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पहचान शुरू कर दी है।

