सैदपुर : गोरखपुर से शुरू हुई साइकिल यात्रा पहुंची सैदपुर, मनरेगा का नाम बदलने को लेकर कर रहे विरोध

सैदपुर। गोरखपुर के चौरी-चौरा से बीते 17 जनवरी को शुरू हुई मनरेगा बचाओ साइकिल यात्रा सैदपुर पहुंची। इस दौरान यात्रा मे मौजूद विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रों ने सैदपुर में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मनरेगा को बचाने का संकल्प दोहराते हुए ’रोजगार पर हमला नहीं सहेंगे’ और ’मनरेगा बहाल करो’ जैसे नारे लगाए। बता दें कि मोदी सरकार द्वारा मनरेगा में बदलाव करते हुए योजना का नाम विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीबी जी राम जी) कर दिया है। ऐसे में इन बदलावों का विरोध करते हुए ये यात्रा निकाली गई है और ये सैदपुर पहुंची। इस दौरान उन्होंने नगर सहित जौहरगंज, औड़िहार आदि जगहों पर छोटी सभा की। यात्रा में शामिल मृत्युंजय कुमार ने बताया कि यात्रा 17 जनवरी को गोरखपुर के चौरी चौरा स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई थी और देवरिया, बलिया, मऊ आदि जिलों से होते हुए अब सैदपुर पहुंच चुकी है। यात्रा का अंतिम पड़ाव वाराणसी होगा। जहाँ 17 फ़रवरी को भारत माता मंदिर से निकलकर कचहरी स्थित अम्बेडकर प्रतिमा पर एकदिवसीय उपवास करते हुए समापन किया जाएगा। इस मौके पर मनरेगा मजदूर संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार आदि रहे।

