जमानियां : जीवपुर में हुआ पंकज महाराज का 69वां पड़ाव, कहा - सुरत शब्द नाम योग की करें साधना

जमानियां। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था प्रमुख पंकज महाराज की चल रही 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा का 69वां पड़ाव जमानियां के जीवपुर में हुआ। जहां शुक्रवार को सत्संग करते हुए संत पंकज महाराज ने कहा कि यह आपको मिला मानव शरीर, किराये का मकान है। अगर आपका होता तो हमेशा आपके साथ रहता। इसके बावजूद हम इसी से सम्बन्धित चीजों को जुटाने में आप अपना पूरा जीवन बिता देते हैं। कहा कि ईमानदारी से या चोरी-बेईमानी से जो भी जुटाते हैं, उसे अन्त में यहीं छोड़कर जाना है। कहा कि इस शरीर से आत्मा के बाहर निकलते ही यह जड़ हो जाता है, उसके लिये कभी कुछ नहीं किया। यह जन्म जन्मान्तरों से भूखी है। इसका भोजन शब्द है, जो भजन से मिलेगा। इसका रास्ता केवल ऐसे सन्त महात्मा से मिलेगा जिसने ‘सुरत शब्द नाम योग’ की साधना से प्रभु को पा लिया हो। कहा कि कलयुग की सरल साधना सुमिरन, ध्यान, भजन को बिना नागा करना चाहिये। कहा कि भजन ढोल मंजीरा या गाना बजाना, कथा कीर्तन को नहीं कहते। बाहरी दोनों कानों को बन्द करके प्रभु के यहां से आ रही आवाज को जिसे आकाशवाणी, अनहदवाणी कहते हैं, उसे जीवात्मा के कान से सुनने को भजन कहते हैं। इससे जीवात्मा को ताकत मिलेगी, वह शब्द की डोर पकड़ कर ऊपरी लोकों का भ्रमण कर के पल भर में वापस आ जायेगी। इस मौके पर जंगबहादुर सिंह यादव, डॉ. सत्यनारायण दुबे, उदयनारायण, रामाश्रय यादव, रामअवध यादव, सतीश सिंह, नरेन्द्र कुमार आदि रहे।

