बहरियाबाद : मुंबई से 2 दिनों पूर्व ही घर लौटे ट्रक चालक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत, मचा कोहराम

बहरियाबाद/सादात। बहरियाबाद थानाक्षेत्र के हुरमुजपुर हाल्ट के पास शुक्रवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आकी युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी शिनाख्त शादियाबाद के कुतुबपुर निवासी 38 वर्षीय श्यामबिहारी यादव के रूप में हुई। सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिलखते हुए बताया कि मृतक मुंबई में ट्रक चालक का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। छुट्टी लेकर 2 दिनों पूर्व ही वो घर लौटा था। इस बीच शुक्रवार को बहरियाबाद में ये हादसा हो गया। सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। सभी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे एसओ बृजेश गुप्ता ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी लालमुनि देवी सहित एक पुत्र व 3 पुत्रियों को छोड़ गया है। मां राधिका सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

