नगर पालिका में दुकानों के आवंटन में भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाकर राज्यपाल से की गई शिकायत, डीएम को दिया पत्रक





गोंडा। जिले के करनैलगंज नपा में निर्मित दुकानों के आवंटन में गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। जिसके बाद उत्तर प्रदेश किसान सभा जिला काउंसिल के पदाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने राज्यपाल को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कहा कि नगर पालिका द्वारा दुकानों का आवंटन पूरी तरह अपारदर्शी और मनमाने ढंग से किया गया। न तो आवंटन प्रक्रिया के लिए कोई सार्वजनिक सूचना या विज्ञापन जारी किया गया और न ही पात्र व जरूरतमंद लोगों को आवेदन का अवसर दिया गया। इससे स्पष्ट है कि चयनित लोगों को ही लाभ पहुंचाने की मंशा से प्रक्रिया को गुप्त रखा गया। यह भी आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों को कथित रूप से अवैध धनराशि लेकर दुकानें आवंटित की गईं। इतना ही नहीं, वर्तमान आवंटी इन दुकानों को अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से दूसरों को बेच रहे हैं व नगर पालिका परिषद बिना किसी स्पष्ट नियम और पारदर्शी प्रक्रिया के दुकानों का नामांतरण (ट्रांसफर) भी कर रही है। इससे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को खुला संरक्षण मिलने का आरोप लगाया गया है। कहा कि यह पूरी प्रक्रिया न केवल शासन की नीतियों के खिलाफ है, बल्कि स्थानीय जरूरतमंद नागरिकों के अधिकारों का सीधा हनन भी है। जनहित से जुड़े इस मामले में नगर पालिका की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। राज्यपाल से मांग किया कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए व अनियमित रूप से किए गए सभी आवंटन निरस्त करते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय व कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही दुकानों का पुनः आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सार्वजनिक विज्ञापन के माध्यम से किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : जिले के 6 विधानसभाओं में एसआईआर कार्य में सहयोग को खुले सहयोग केंद्र, सैदपुर में जिला प्रभारी ने काटा फीता
डंफर की टक्कर से गंभीर युवकों की हालत में सुधार, थाने में तहरीर >>