4 विधायकों संग चमके ‘‘सुभाष’’, अखिलेश को बताया अगला मुख्यमंत्री



सैदपुर। नगर के पड़ाव स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को सपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद सहित आस पास के विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं समेत 4 विधायकों व पूर्व मंत्रियों ने हिस्सा लिया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि व अतरौलिया के विधायक संग्राम यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा किया है। कहा कि प्रदेश सरकार ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देते हुए लुभावने झूठे वादे किए। सरकार आने के इतने दिनों बाद भी बेरोजगारी झेलने वाले वो युवा अब खुद को छला हुआ महसूस कर रहे हैं। कहा कि सरकार ने महिलाओं को सिलिंडर तो दे दिए लेकिन सिलिंडर भरवाने के लिए लगने वाले धन के स्त्रोत के लिए रोजगार की व्यवस्था नहीं की। कहा कि बिना रोजगार के रूपए नहीं होंगे तो आखिर महिलाएं सिलिंडर किस तरह भरवाएंगी। कार्यक्रम के आयोजक व सैदपुर विधायक सुभाष पासी ने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा असुरक्षित कोई है तो वो महिलाएं ही हैं। आज बहनें घर से निकलने में डरती हैं कि शाम को सुरक्षित पहुंचेंगी या नहीं। व्यापारी दुकान में अथवा घर लौटते समय सुरक्षित घर पहुंच जाने की प्रार्थना करता रहता है। सड़क पर चलता हुआ आम आदमी हर वक्त डर में जीवन गुजारने को विवश है कि कहीं रास्ते में ही कोई उसकी हत्या न कर दे। कहा कि आज के समय में हर तरफ भ्रष्टाचार व अपराध बढ़ गया है। हर वर्ग इस झूठी सरकार से त्रस्त हो चुका है और अब सपा की तरफ देख रहा है। कहा कि केंद्र सरकार ने तो राफेल में हजारों करोड़ का घोटाला कर जनता संग खिलवाड़ किया है। दावा करते हुए कहा कि आगामी सरकार अगर किसी की होगी तो वो अखिलेश यादव की होगी। कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होती है जबकि सपा अपने कार्यकर्ताओं को सिर आंखों पर बिठा कर रखती है। कहा कि सपा में चाहे कोई विधायक हो या सांसद, उसका सम्मान सबसे पहले बतौर कार्यकर्ता होता है, नेता वो बाद में होता है। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात सभी को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गोपालपुर के विधायक नफीस अहमद, बिलारी के विधायक फहीम इरफान, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जयकिशन साहू, सुधीर यादव, संतोष यादव, एमएलसी विजय यादव, पूर्व विधायक भोनूराम सोनकर, संजय सिंह, जिलाध्यक्ष डा. नन्हकू यादव, पूर्व एमएलसी बच्चा यादव, पूर्व विधायक लालता निषाद, पूर्व ब्लाक प्रमुख सच्चेलाल यादव, मोती पासी, विजय यादव, कमलेश सिंह होकाडू़, विधान सभा अध्यक्ष कमलेश यादव, पूर्व विस अध्यक्ष छोटेलाल यादव, अर्जुन राय, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र यादव, हुकुम सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनीष यादव, विधायक प्रतिनिधि आशु दूबे आदि मौजूद थे। संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश यादव ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मोटर जलने से जलापूर्ति बाधित, स्वच्छ पानी के लिए भटक रहे बहरियाबाद के लोग
.....और जब अपने ऊपर ‘‘साइकिल’’ लिए कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंच गईं महिलाएं >>