केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर कम्युनिस्ट पार्टी का तीखा हमला



नंदगंज (गाज़ीपुर)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की एक जनसभा सिरगिथा बाजार में संपन्न हुई।



सभा में उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के प्रांतीय महामंत्री कामरेड फूलचंद यादव ने कहा कि राजग सरकार देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संप्रभुता, सांप्रदायिक सौहार्द को तहस-नहस करने की साजिश में लगी है। इसकी नीतियों से सहमत न होने वालों को देशद्रोही करार देकर जेलों में डाल दिया जाता है। असहमति लोकतंत्र की आत्मा है, इसको हटा दिया जाए तो लोकतंत्र मर जाएगा। देश के चार वामपंथी विचारकों की वर्तमान सरकार की नीतियों से सहमत न होने के कारण हत्या करवा दी गयी। 5 वामपंथी विचारकों को नक्सली बताकर भीमा-कोरेगांव की घटना से संबंध जोड़कर तथा प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश का आरोप लगाकर घरों में नजरबंद किया गया है। जबकि देश के पांच धन्नासेठ जनता की खून पसीने की कमाई लूटकर सरकार को धता बताते हुए विदेश भाग गए और देश का 56 इंच के सीने वाला चौकीदार खुली आंखों से देखता रह गया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार किसान, मजदूर, छात्र, युवा एवं व्यापारी वर्ग की विरोधी है। इसकी अदूरदर्शितापूर्ण नीतियों व अविवेकपूर्ण निर्णयों के कारण देश के अंदर अफरा-तफरी का माहौल है। यह झूठे लोगों की सरकार है जो जनता को वादों का खूबसूरत सपना दिखाकर चुनावी जुमला देती है। देश की जनता से झूठ बोलने वालों को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के सवाल पर बिल्कुल लचर साबित हुई है। बेगुनाहों को अपराधी बताकर एनकाउंटर में मारा जा रहा है। असली अपराधी योगी के साथ बेखौफ होकर घूम रहे हैं। यही योगी आदित्यनाथ का असली चेहरा है। सभा को पार्टी जिलासचिव रामअवध, रमेशचंद्र पाल, रामराज बिंद, राम शुक्ला, राजनाथ सिपाही, लौटू बिंद, बेचू कश्यप, रामकृत प्रजापति, हरिद्वार बिंद, सुरेश आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता रामशकल बिंद ने तथा संचालन ब्लॉक महामंत्री बच्चे लाल यादव ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सांसद निवास के बगल में लगी भीषण आग, दो झुलसे
डी.एल.डब्ल्यू. की सुविख्यात रामलीला का मंचन आज से >>