जंगीपुर : सपा सांसद ने भाजपानीत सरकारों पर किया हमला, युवाओं से की एकजुटता की अपील



जंगीपुर। क्षेत्र के शेखपुर पंचायत भवन पर सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने बतौर मुख्य अतिथि सम्राट अशोक स्तंभ की नींव रखकर शिलान्यास किया। इसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर, गौतम बुद्ध, सावित्रीबाई व महात्मा फुले के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि आज सिर्फ स्तंभ की स्थापना नहीं बल्कि सम्राट अशोक के विचारधारा को अपनाने की आवश्यकता है। कहा कि सम्राट अशोक ने मानवतावादी शासन की नींव रखी और उनका चिह्न आज भारत का राष्ट्रीय प्रतीक बना हुआ है। कहा कि संविधान और उसके प्रतीकों के समर्थन में राजनीतिक एकजुटता जरूरी है। उन्होंने जातिगत जनगणना और आबादी के अनुपात में हक की बात करते हुए कहा कि अब सिर्फ सामाजिक संगठन बनाने से काम नहीं चलेगा बल्कि हमारी राजनीतिक भागीदारी भी ज़रूरी है। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव को युवाओं, किसानों और आम जनता का सच्चा हितैषी बताया। कहा कि वर्तमान सरकार 5 किलो अनाज देकर असली अधिकार छीन रही है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और किसान मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की। इस मौके पर योगेंद्र कुशवाहा, प्रधान धर्मेंद्र शर्मा, नागेंद्र कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, ज्ञानचंद मौर्य, चंद्रिका प्रसाद पटेल, उमाशंकर यादव, अंबिका कुशवाहा, संजय कुशवाहा, सुरेंद्र यादव, नरेंद्र यादव आदि रहे।