देवकली : गांव चलो अभियान के तहत घर-घर जाकर पूर्व विधायक ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां



देवकली। भाजपा द्वारा स्थापना दिवस पर चलाए जा रहे गांव चलो अभियान के तहत शनिवार को पूर्व विधायक शिवपूजन राम ने क्षेत्र के महमूदपुर पाली, मऊपारा आदि गांवों में घर-घर जाकर लोगों को सरकार की 8 साल की उपलब्धियों को बताकर उनमें हैंडबिल का वितरण किया। इसके पश्चात वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। बूथ समिति की बैठक में पूर्व विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आम जनता को राहत पहुँचाने की दिशा में अनवरत कार्य कर रही है। कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें कार्यकर्ता का सम्मान सबसे ऊपर है। इसमें एक कार्यकर्ता को बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचने का अवसर मिलता है। योगी सरकार के सेवा, सुशासन एवं विकास के आठ वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों से जन-जन को अवगत कराते हुए कहा कि पीएम मोदी ने 11 व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 सालों में सरकार भय ,भूख, भ्रष्टाचार से देश की जनता को छुटकारा दिलाते हुए विकास की नयी पटकथा लिखी है। कहा कि आज प्रदेश की जनता अपराधियों के भय से दूर निडर होकर अपनी दिनचर्या में लगी है। इस मौके पर कमलेश पाण्डेय, मुजीबुर्रहमान, राजेश जायसवाल, आशु दूबे, अंगद दूबे, सूबेदार राजभर, गुरुप्रसाद गुप्ता, अखिलेश कुशवाहा, प्रवीण त्रिपाठी, तेरसू यादव आदि रहे।