सैदपुर : आरएसएस के सैदपुर जिला इकाई ने किया होली मिलन समारोह, लोगों ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम



सैदपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सैदपुर जिला इकाई के तत्वावधान में नगर के पक्का घाट स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें स्वयंसेवकों ने महापुरूषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया। इसके बाद सभी ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाईयां दीं। कार्यक्रम के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें आए कलाकारों ने विघ्न विनाशक भगवान गणेश की स्तुति वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात कलाकारों ने पारंपरिक होली गीत होली खेले रघुबीरा, यमुना तट पर श्याम खेले होली, होली खेले मसाने में, ब्रज की होली आदि गीतों पर कार्यक्रम पेश कर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को फूलों की पंखुड़ियों व अबीर गुलाल से होली खेलकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बतौर मुख्य अतिथि जौनपुर के विभाग प्रमुख डॉ उदय ने कहा कि होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। कहा कि हमें अपने हर त्योहार को मनाने के पीछे का उद्देश्य जरूर जानना चाहिए। क्योंकि हिन्दू धर्म मे पड़ने वाले हर त्योहार का कोई ना कोई उद्देश्य होता है। कहा कि भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाने के लिए हम सभी हर वर्ष रंगोत्सव मनाते हैं। यह होली हमारे जीवन में खुशियां, एकता व भाईचारे का संचार करता है। कहा कि हिंदू धर्म जीवन जीने की एक शैली है। हमें इस जीवन को समझना चाहिए। आज के समय मे कुटुंब बहुत तेजी से टूट रहा है, जिस पर हमें विचार करना चाहिए। हमें अपने बच्चो को संस्कार देना ही चाहिए। आज के युवा होली पर्व के मूल तत्व से भटक रहे हैं, इस पर्व पर शराब, मांस आदि का सेवन कर त्योहार का उद्देश्य ही खराब कर रहे हैं। इसके बाद नगर कार्यकारिणी द्वारा चाट, ठंडई, चिप्स पापड़ आदि का वितरण किया गया। अंत में भारत माता की आरती कर समापन किया गया। इस मौके पर विभाग कार्यवाह डॉ नागेंद्र, सहजिला कार्यवाह सत्येंद्र, नगर सहसंघ चालक डॉ कृष्ण गोपाल, नगर कार्यवाह दयानन्द, अविनाश बरनवाल, बसंत सेठ, डॉ पीएन सिंह, बद्रीप्रसाद शर्मा, सभासद प्रतिनिधि बृजेश सेठ, मनीष जायसवाल, हरिशरण वर्मा, प्रिंस यादव, भोला, अजय, सभासद सुनील यादव, अवनीश चौबे आदि रहे।