करंडा ब्लॉक में सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक इकाई पदों पर हुआ चुनाव, 43 वोट से जीतकर ब्लॉक अध्यक्ष बने रामप्रवेश


करंडा। स्थानीय ब्लाक परिसर में चुनाव का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के ब्लाक अध्यक्ष व ब्लाक महामंत्री पद पर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराया गया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष पद पर 4 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। जिनके लिए लोगों ने मतदान किया और आज ही मतगणना भी हुई। जिसमें रामप्रवेश शर्मा ने 43 वोट से जीत हासिल की। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर रामप्रवेश शर्मा व महामंत्री पद पर रामप्रकाश राम ने जीत हासिल की। इस दौरान चुनाव अधिकारी की देखरेख में हुए मतदान में रामप्रवेश शर्मा को कुल 90 वोट मिले। वहीं 47 वोट पाने वाले रामनगीना यादव दूसरे स्थान पर और 21 वोट पाने वाले रमेश गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे। सुरेश वनवासी मात्र 13 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। मतगणना के दौरान 5 वोट अवैध रहे। इसके अलावा महामंत्री पद पर 98 वोट पाकर रामप्रकाश राम ने 73 वोट पाने वाले राजकिशोर राम को 25 वोटों से हरा दिया। महामंत्री के चुनाव में भी 5 वोट अवैध मिले। इसके अलावा इकाई के अन्य पदों पर नामांकन के समय ही निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। जिसमें ब्लॉक कोषाध्यक्ष पद पर राम, संगठन मंत्री पद पर अनिल राम व संप्रेक्षक लेखाकार पद पर सुभाष पाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। विजेता घोषित होने के बाद रामप्रवेश शर्मा ने कहा कि संगठन का विस्तार और मजबूती उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित सामाधान का आश्वासन दिया। कहा कि सफाई कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद माल्यार्पण कर सभी को सम्मानित किया गया।