जखनियां : हिंदुओं की आस्था पर हमला करना सपा नेताओं की आदत सी हो गई है, अफजाल अंसारी का बयान अशोभनीय - जिलाध्यक्ष


जखनियां। आस्था के महापर्व महाकुंभ पर सांसद अफजाल अंसारी द्वारा किए गए अशोभनीय टिप्पणी पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने उनका प्रतिकार किया है। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं की तो अब आदत सी हो गई है कि वो हमेशा हिंदुओं की आस्था पर प्रहार करते रहते हैं। कहा कि जब से प्रयागराज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के नेतृत्व में दिव्य व भव्य कुंभ का आयोजन हुआ है, वहां सनातनियों का मेला लगा हुआ है। कुशल प्रबंधन और व्यवस्था देखकर पूरे देश व दुनिया से लोग आ रहे हैं, स्नान ध्यान कर रहे हैं, आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और सब कुशलता से अपने घरों को जा रहे हैं। लेकिन यही बात सपा के नेताओं, विधायकों व सांसदों को रास नहीं आ रही है। जिसके चलते वो महाकुंभ के प्रति लगातार अनर्गल बयानबाजियां करते जा रहे हैं। कहा कि सांसद ने जिस प्रकार से आस्था के महापर्व महाकुंभ पर ये टिप्पणी की है, वह अशोभनीय है। कहा कि किसी भी धर्म व आस्था का मजाक बनाने का किसी को भी हक नहीं है। कहा कि महाकुंभ 144 वर्षों में एक बार लगता है और करोड़ों की संख्या में आस्थावान लोग आ रहे हैं। आज तो ये आंकड़ा 50 करोड़ पार कर गया है। कहा कि हज तो हर साल लोग जाते हैं और भगदड़ में वहां हजारों लोग मर जाते हैं तब कोई सपा का राजनेता इस पर टिप्पणी क्यों नहीं करता? क्यों नहीं कहता कि वहां पर हर साल लोग इतनी संख्या में आखिर क्यों जा रहे हैं। कोई सपा नेता ये क्यों नहीं कहता कि उनको भी जन्नत मिलेगी, कोई जहन्नुम में नहीं रहेगा। कहा कि भाजपा हर धर्म का सम्मान करती है और हमारे नजर में हर धर्म का अपना महत्व है। लेकिन सनातन का विरोध करने वाला हमारा जनप्रतिनिधि नहीं हो सकता। कहा कि चुनावों के समय में अफजाल अंसारी मंदिरों में जाते हैं और चुनाव जीत जाने के बाद उसी धर्म पर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं।