जखनियां : एलआईसी के शाखा प्रबंधक का हुआ स्थानांतरण, हुआ भव्य विदाई समारोह


जखनियां। स्थानीय कस्बा स्थित एलआईसी की सैटेलाइट शाखा के शाखा प्रबंधक अनुराग अंजन सिंह का स्थानांतरण हो गया है। जिसके बाद शाखा परिसर में विकास वाहिनी द्वारा भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। शाखा प्रबंधक ने कहा कि जखनियां क्षेत्र में विषम भौगोलिक स्थिति होने के बावजूद यहां का नव व्यवसाय अपने निरंतर प्रगति पर चलता है। इस क्षेत्र में जनपद ही नहीं, अन्य जनपदों के अभिकर्ता बीमा व्यवसाय के लिए क्षेत्र में आते हैं। फिर भी यहां के अभिकर्ता अपने स्वयं के कार्य कुशलता से संपादित करते रहते हैं। मार्केटिंग का विश्लेषण करते हुए कहा कि बदलाव में वही चलता है जो समय के साथ चलता है। कहा कि हर आदमी को चैलेंज स्वीकार करने की क्षमता रखनी चाहिए। परिस्थितियों के हिसाब से प्रतिक्रिया होती है। कहा कि जीवन में कुछ भी सीखना है तो नकारात्मकता को नकारें, बीमा बेचने के लिए कौशल की जरूरत होती है। हर मानव हर स्थिति में जीना सीख ले, वही सफल अभिकर्ता है। कहा कि जीवन बीमा का कार्य बहुत ही पुनीत कार्य है। यह संस्था समाजिक कार्य के बदौलत देश ही नहीं बल्कि विदेशों में अपना परचम लहरा रही है। इस मौके पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष नायक, मनोज वर्मा, विकास अधिकारी विकास जायसवाल, अशोक यादव, विनीत, अशोक यादव, आनंद कुमार, राजेश्वर गिरी, सुनील जायसवाल, अरविंद कुमार, रामकुमार पांडे आदि रहे।