सैदपुर : मेघबरन सिंह स्टेडियम में शुरू हुई 28वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता, हॉकी इंडिया के महासचिव ने कर दी कई बड़ी घोषणाएं





सैदपुर। क्षेत्र के करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में 28वीं अखिल भारतीय मेघबरन सिंह ठाकुर तेजबहादुर सिंह स्मारक पुरूष ईनामी हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने ठाकुर तेजबहादुर सिंह के चित्र पर सामने दीप प्रज्ज्वलित कर, फीता काटकर, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर किया। इसके पश्चात प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 4 मैच खेले गए। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने करमपुर स्टेडियम में एक और एस्ट्रोटर्फ लगवाने की बड़ी घोषणा की। साथ ही अगले साल यहां पर हॉकी के भारत स्तरीय खेल कराने की बात कही। वहीं इस बार तकनीकी खामियों की वजह से अर्जुन अवार्ड से चूके ओलिंपियन राजकुमार पाल को अगले साल अर्जुन अवार्ड मिलने की भी बात कही। कहा कि मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी पर हॉकी इंडिया व भारत सरकार की विशेष नजर है, आने वाले वर्षों में यह एकेडमी भारत की टॉप एकेडमी में शामिल होगी। कहा कि भारत सरकार के ज्वाइंट सेक्रेटरी से मेरी बात हो गई है, उन्होंने मुझसे कहा कि ‘राधेमोहन को मेरे पास भेज देना, करमपुर में एक और एस्ट्रोटर्फ लगवाना है।’ कहा कि पिछले दो वर्ष से हॉकी खेल में हमारे देश का प्रदर्शन शानदार रहा है। आज एशियन कंट्री गेम का हर खिताब हमारे देश के पास है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का वैसे तो हर खेल से लगाव है, लेकिन हॉकी के पर विशेष ध्यान है। इस स्टेडियम से निकलकर दो खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचे, यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में जहां भी एकेडमी के खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं, वहां हॉकी स्टिक, बॉल एवं अन्य संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। कहा कि इस स्टेडियम से निकलकर ओलंपिक में पदक हासिल करने वाले ओलिपिंयन राजकुमार पाल को इसी वर्ष अर्जुन अवार्ड मिल गया होता, लेकिन औपचारिकता पूरी न कर पाने के कारण नहीं मिल पाया। अगले साल उन्हें अर्जुन अवार्ड मिलना तय है। कहा कि मैं भी गहमर का ही रहने वाला हूं, गाजीपुर आकर लगता है कि अपने घर आ गया हूं। उन्होंने कहा कि अगली बार आऊंगा तो तरवां आजमगढ़ में चल रहे हॉकी एकेडमी में जरूर जाऊंगा। अतुलानंद रचना परिषद के सचिव राहुल सिंह ने कहा कि गांव में इस स्तर के स्टेडियम की स्थापना कर गरीब व पिछड़े वर्ग के बच्चों का भविष्य संवारना सराहनीय है। स्टेडियम के सहयोग के लिए तत्पर रहूंगा। आयोजक व पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि हॉकी इंडिया के महासचिव ने पिछली बार यहां के खिलाड़ियों के लिए करीब 16 लाख रूपए कीमत के 150 हॉकी स्टिक देकर उनमें नई ऊर्जा का संचार किया था। उनके आने मात्र से यहां के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होता है। इसके पश्चात मैच का शुभारंभ किया गया। उद्धाटन मैच स्पोर्ट्स हास्टल झांसी व देवरिया के बीच खेला गया। जिसमें झांसी ने देवरिया को 10-0 से रौंदकर अगले चक्र में प्रवेश किया। झांसी की तरफ से प्रद्युम्न यादव, विवेक यादव, अंकित पटेल, अक्षत वर्मा, अर्जुन यादव, राजीव रन, अखिलेश यादव, राघवेंद्र सिंह ने शानदार गोलकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। दूसरा मैच स्पोर्टस कालेज सैफई बनाम मेजबान मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी करमपुर के बीच हुआ, खेल खत्म होने तक दोनों टीमों का स्कार 2-2 होने के चलते मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। सैफई की तरफ से हिमांशु एवं रामहंस एवं करमपुर की तरफ से मोनू एवं प्रहलाद ने गोल किया। खास यह रहा कि सैफई की टीम में भी करमपुर स्टेडियम से निकलकर वहां पहुंचने वाले आठ खिलाड़ी शामिल थे। रविवार की शाम 5 बजे वाराणसी बनाम मैसूर के बीच खेला गया तीसरा मैच भी 2-2 से बराबर रहा। स्पोर्ट्स हास्टल वाराणसी की तरफ से मोहित एवं आदित्य पाल ने गोल किए। अश्वनी स्पोर्ट्स अकादमी मैसूर की ओर से अमरजीत एवं अब्दुल ने गोल किया। समय सीमा खत्म होने तक स्कोर बराबर होने के कारण मुकाबला बराबरी पर छूटा। निर्णायक की भूमिका में एमके कोरिया, सुनील सिंह, बृजेश कुशवाहा, आफताब, योगेश सिंह एवं सुनील गुप्ता रहे। वहीं कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत स्टेडियम के प्रबंधक व पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, रमाशंकर उर्फ हिरन सिंह, गंगासागर सिंह, अनिकेत सिंह, आलोक सिंह व आशुतोष सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर एवं माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर इनकम टैक्स के ज्वाइंट कमिश्नर गोपीनाथ चौबे, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ आरके ओझा, अरुण कुमार सिंह, डॉ प्रवीण कुमार सिंह, मिथिलेश सिंह, कमलेश सिंह, विजय सिंह, मुन्ना यादव, महेंद्र यादव, गुलाम गौस, प्रभाकर सिंह, प्रमोद सिंह आदि रहे। संचालन प्राचार्य नागेंद्र पाठक ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मुहम्मदाबाद : जमीन की नापी के बाद लगे सीमांकन के पत्थर को दबंग भाईयों ने उखाड़कर फेंका, मुकदमा दर्ज
खानपुर : शताब्दी न्यूज का असर, कई दिनों से घर से गायब बालक 24 घंटों के अंदर परिजनों से मिला, जताया आभार >>