जखनियां : हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा व भाजयुमो ने निकाली तिरंगा यात्रा, लोगों से की गई अपील


जखनियां। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जखनियां में भाजपा व भाजयुमो ने तिरंगा व बाइक जुलूस निकाला। इस दौरान शिव मंदिर से भुड़कुड़ा मठ तक बाइक रैली निकालकर सभी से अपील किया गया कि वो 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो गया है। ये अभियान 15 अगस्त तक पूरे देश में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना है। जिस देश के नागरिकों में देश के प्रति समर्पण और आस्था रहती है, वो देश शक्तिशाली और तरक्की करता है और आने वाले खतरों से निपटने के लिए तैयार रहता है। कहा कि इस साल में देश भर में 200 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा अभियान को और बढ़ावा देने के लिए जनप्रतिनिधि व पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी वाली तिरंगा बाइक रैली हर विधानसभा मे आयोजित की जाएगी। पारसनाथ राय ने कहा हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय गौरव और एकता की नई भावना को बढ़ावा देना चाहता है। कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर तिरंगा के साथ सेल्फी लेकर उसे हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड करने की अपील की है। भानुप्रताप सिंह ने कहा 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के तत्वावधान में यह अभियान शुरू किया था। तब 23 करोड़ से अधिक घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था और 6 करोड़ लोगों ने ध्वज के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की थी। 2023 में 10 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड की गईं। इस बार ये संख्या और बढ़ेगी। तिरंगा यात्रा के दौरान अम्बेडकर पार्क भुड़कुड़ा में संविधान निर्माता डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर विपिन सिंह, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, धर्मवीर राजभर, मनोज यादव, उपेंद्र सिंह, अवधेश यति, दयाशंकर सिंह, अशोक गुप्ता, जगदीश सिंह, मयंक जायसवाल, अविनाश सिंह, चिंटू गुप्ता, विजय गुप्ता, श्रवण सिंह, पीयूष सिंह, नंदलाल प्रजापति, संतोष कुशवाहा, गप्पू सिंह, प्रदीप, शंभू नाथ त्रिपाठी, अंकित, शैलू सिंह, राहुल चौरसिया, नलनीश आदि रहे।