सैदपुर निवासी शिक्षक पुत्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई के नाम पर हॉस्टल में बना रहा था बम, हाथ में ही ब्लास्ट होने के बाद पूरे प्रदेश में मचा हड़कंप



सैदपुर। थानाक्षेत्र के भटौला गांव निवासी शिक्षक के पुत्र ने प्रयागराज जिले में रहकर अपने खतरनाक कारनाम से पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई के नाम पर हॉस्टल में रहने के दौरान वो बम बना रहा था, इस बीच बम उसके हाथ में ही फट गया। जिसमें उसका हाथ उड़ गया और वो गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।



भटौला गांव निवासी सुरेश यादव सरकारी शिक्षक है। वो क्षेत्र के ही एक स्कूल में तैनात है। प्रभात यादव उसका बड़ा बेटा है। उसका छोटा भाई वाराणसी में पढ़ता है और ये इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई के नाम पर बीते कई सालों से वहीं रहकर तैयारी कर रहा था। पढ़ाई पूरी होने के बावजूद वर्तमान में वो इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के पीसीबी हॉस्टल में अपने साथी प्रत्युष यादव के साथ अवैध रूप से रहता था। वो दोनों कमरे में क्या करते थे, ये किसी को नहीं पता होता था। अपनी पकड़ का बेजा इस्तेमाल करते हुए वो जबरदस्ती उस हॉस्टल के कमरे में रहते थे। इस बीच प्रभात व प्रत्युष बम बना रहे थे, तभी बम हाथ में ही फट गया। जिसमें प्रभात की हथेली उड़ गई। वहीं प्रत्युष भी आंशिक रूप से घायल हो गया। ब्लास्ट की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। मौके पर भीड़ जुट गई। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। वो अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों से झूठ बोला गया कि पटाखे से जल गया है। जिसके बाद बेली अस्पताल में उसे भर्ती नहीं लिया गया। इस बीच पुलिस को सूचना मिल गई तो जांच में तो पता चला कि बम बनाते वक्त धमाका हुआ था, जिसमें वो गम्भीर रूप से घायल हो गया है। इस मामले में कर्नलगंज थाने में घायल छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि ये यहां पर कब से चल रहा है, ये कब से बम बना रहे हैं और इन सब में और कौन-कौन शामिल है। इस बाबत पीसीबी छात्रावास के अधीक्षक डॉ सुजीत ुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि जिस कमरा नंबर 68 में धमाका हुआ है, उस कमरे को बीएसी द्वितीय वर्ष के छात्र आयुष कुमार सिंह व बीए द्वितीय वर्ष के विशाल सिंह के नाम पर आवंटित किया गया है। प्रभात व प्रत्युष उसमें अवैध रूप से रह रहे थे। बताया कि आयुष डेढ़ महीने से अपने गांव गया हुआ है और उसकी गैर मौजूदगी में प्रभात यादव व प्रत्युष सिंह ने उसके कमरे पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। इस घटना के बाबत अधीक्षक ने भी तहरीर दी है। स्थानीय छात्रों ने बताया कि बुधवार को ही पीसीबी व हॉलैंड छात्रावास के बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद बम बनाने की घटना को उस झगड़े से भी जोड़कर पुलिस देख रही है और जांच कर रही है। कमरे में ब्लास्ट होने के बाद आंशिक रूप से घायल प्रभात का साथी प्रत्युष मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बता दें कि बीते लंबे समय से ये शिकायतें मिल रही हैं कि हॉस्टलों में अवैध रूप से अपना दबाव दिखाते हुए कई बदमाश किस्म के छात्र अवैध रूप से रहते हैं। इन हॉस्टलों पर छापेमारी के लिए पुलिस से मदद की मांगी गई थी लेकिन पुलिस टीम नहीं भेजी गई। प्रयागराज में इस तरह की घटना के बाद प्रभात के गृह क्षेत्र सैदपुर में भी हड़कंप मचा हुआ है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर में पुल से 50 फीट गहरी खाई में गिरी तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक, दो बाइक सवारों का हुआ ये हाल
सैदपुर के HR पैलेस की छत से बगल में गिरी महिला की संदिग्ध हाल में मिली लाश, पैलेस कर्मी कुछ और व सुबूत कुछ दे रहे इशारा >>