अधिकारियों की झूठी दिलासा के चलते देवकली में आए दिन हो रहे हादसे, सर्विस लेन के अभाव में एक सप्ताह में तीसरी घटना





देवकली। रामपुर मांझा थानाक्षेत्र के देवकली बाजार से गुजरे गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन पर एक बार फिर से सर्विस लेन न होने के चलते सप्ताह में तीसरी सड़क दुर्घटना हो गई। जिसमें एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए फौरल अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर हाल में रेफर कर दिया गया। चकवलियां गांव निवासी हनुमान यादव 65 सुबह 10 बजे जा रहे थे। सर्विस लेन न होने के चलते वो हाईवे पर थे, तभी तेज रफ्तार चार पहिया ने उन्हें टक्कर मार दी। वहीं शनिवार को ही देवकली निवासी जयदीप यादव 50 को भी वाहन ने धक्का मार दिया था। इसके अलावा कुछ ही दिन पूर्व टेंपो की टक्कर से देवकली निवासी अंबिकार पाल की मौत हो चुकी है। बिना सर्विस लेन के इस फोरलेन बनने के बाद देवकलीवासियों के लिए अभिशाप ही साबित हुआ है। एनएचएआई के अधिकारियों ने फोरलेन बनाते समय यहां पहले से मौजूद नाली को तोड़ दिया और कहा कि वो नई नाली बनाएंगे। इसके अलावा वहां सर्विस लेन बनाने का वादा किया। लेकिन दोनों ही काम नहीं किए गए। जिसके कारण आसपास के घरों का गंदा पानी जहां सड़क पर बहता है तो दूसरी तरफ सर्विस लेन न बनाए जाने के चलते देवकली में हर दूसरे दिन एक दुर्घटना होती है। क्योंकि देवकली का मुख्य बाजार गांव के दूसरे हिस्से में है। जहां जाने के लिए हाईवे पार करके जाना पड़ता है। इसी वजह से हादसा होता रहता है। कंपनी के लोगों ने सिर्फ सड़क निर्माण में अपना मुनाफा ज्यादा रखने व लागत कम करने के लिए यहां पर सर्विस लेन व नाली जैसी बेहद जरूरी चीज भी नहीं बनाई। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि वो इसमें हस्तक्षेप करके स्थिति देखकर आवश्यक निर्णय लें।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर में माध्यमिक शिक्षक संघ की पुरानी जिला कार्यकारिणी को मिला नया कार्यकाल, सर्वसम्मति से हुए मनोनीत
जखनियां में फंदे पर मिली नवविवाहिता की लाश, 6 माह पूर्व ही हुई थी शादी, ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप >>