24 जनवरी से शुरू होगी अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता, देश भर से जुटेंगे हॉकी के दिग्गज



खानपुर। क्षेत्र में अठगांवां स्थित लोधी सिंह द्वारिका सिंह हॉकी स्टेडियम में आगामी 24 जनवरी से अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। जानकारी देते हुए आयोजक व पूर्व एमएलसी डॉ. कैलाश सिंह ने बताया कि देश की नामी गिरामी हॉकी टीमों के बीच ये प्रतियोगिता आठ दिवसीय होगी। जिसमें देश भर से आई टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं कोरोना के चलते कई सालों से बाधित चल रही इस हॉकी प्रतियोगिता पुनः शुरू होने से हॉकी प्रेमियों, दर्शकों सहित स्थानीय खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है। आयोजक ने बताया कि ये आयोजन 8 दिनों तक लगातार 31 जनवरी तक चलेगा। जिसमें सेना सहित रेलवे, पंजाब, लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल, सीआरपीएफ, काशी विद्यापीठ आदि कई राष्ट्रीय स्तर की टीमें खेलेंगी। कहा कि इस वर्ष ये प्रतियोगिता खेलप्रेमी व सैदपुर में क्रिकेट को एक आयाम देने वाले स्व. बबलू सिंह की याद में आयोजित की जा रही है। बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि एमएलसी विशाल सिंह चंचल और जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह होंगी।