मछली मारते नदी में डूबकर पूर्व बीडीसी की मौत से मचा कोहराम, मिर्गी का दौरा आने से हुआ हादसा


बहरियाबाद। थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव के पश्चिम आजमगढ़ सरहद के पास उदंती नदी में मछली मारते समय पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य की डूबने से मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र के रूकुनपुर दरगाह (रानीपुर) निवासी पूर्व बीडीसी जवाहर राजभर 52 गांव के कुछ लोगों के साथ उदंती नदी में मछली मारने आजमगढ़ सीमा के पास गए थे। वहां पर वो सभी अलग-अलग जगह पर जाकर मछली मारने लगे। इसी बीच जवाहर न जाने कब गहरे पानी में जाकर डूब गये। जिसके बाद उनका शव नदी किनारे स्थित बेहया के पेड़ के फंस गया। इस बीच राह चलते राहगीर ने शव देखकर शोर मचाया तो वहां पहुंचे साथ गये ग्रामीणों व अन्य लोगों को घटना का पता चला। जिसके बाद उन्होंने उन्हें बाहर निकाला और उन्हें लेकर बहरियाबाद बाजार स्थित निजी चिकित्सक के यहाँ पहुंचे, जहां से जवाब मिलने पर उन्हें लेकर तरवां आजमगढ़ सीएचसी पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर भीड़ जुट गई। मृतक जवाहर की पत्नी की 6-7 वर्ष पूर्व ही मृत्यु हो चुकी है और उनके तीन पुत्र व एक पुत्री है। पुत्री की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि जवाहर को मिर्गी का दौरा पड़ता था। सम्भवतः मछली मारते समय दौरा पड़ा हो और इसी के चलते वो डूब गए हों। लोगों ने बताया कि जवाहर अच्छे तैराक थे, ऐसे में ये घटना इसी हालत में हुई लग रही है। इस बाबत थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।