घर के बाहर सो रहा पूर्व प्रधान का भाई जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल, वर्तमान प्रधान समेत 6 पर मुकदमा दर्ज





खानपुर। थानाक्षेत्र के अनौनी में शुक्रवार की देररात घर के बाहर सो रहे पूर्व प्रधान के भाई व उन्हें बचाने आई पूर्व प्रधान की पत्नी जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन रात में ही घायलों को लेकर सैदपुर स्थित वर्ल्डग्रीन अस्पताल पहुंचे। जहां उनका उपचार हो रहा है। इस मामले में घायल के पूर्व प्रधान भाई की पत्नी द्वारा वर्तमान प्रधान समेत 6 के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। लालधारी राजभर अनौनी गांव के प्रधान रह चुके हैं और प्रधान संघ के जिला महामंत्री भी रह चुके हैं। बीते पंचायत चुनाव में भी उन्होंने किस्मत आजमाई लेकिन बबलू राजभर के हाथों उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। इस बीच चुनावों के दौरान उनका बबलू से कई बार विवाद भी हुआ। शनिवार को थाने में पूर्व प्रधान की पत्नी सुभागी देवी ने नामजद तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि शनिवार की देररात करीब साढ़े 11 बजे उनके देवर लालचंद्र राजभर 40 घर के बाहर सोए थे। तभी वर्तमान प्रधान बबलू राजभर अपने सगे भाई दिलीप समेत पंकज राजभर, इंद्रलेश, संतोष व राकेश के साथ घर में घुस गया और सो रहे लालचंद को मारने के लिए धारदार हथियार व लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में गंभीर चोट लगने के चलते लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बीच बचाव करने गई सुभागी देवी को भी उन्होंने पीटकर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे लोगों को देखकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद रात में ही घायलों को सैदपुर लाया गया। जहां उनका उपचार जारी है। इस मामले में पूर्व प्रधान की पत्नी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घायल लालचंद का गंभीर हाल में उपचार जारी है। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष से बबलू राजभर ने भी दूसरे पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गुटखा खरीदने के विवाद में गोली मारने वाला बदमाश गिरफ्तार
कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार को युवक को मारी टक्कर, गंभीर >>