वो मारा! भारत के लिए गोल दागने मलेशिया जाएंगे सैदपुर के विष्णु, टीम इंडिया के बने खिलाड़ी

खानपुर। गाजीपुर जिले को एक बार फिर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। ये उपलब्धि बुधवार को क्षेत्र के भुजहुआं निवासी हॉकी खिलाड़ी विष्णुकांत सिंह को भारत की जूनियर हॉकी टीम में शामिल होने से मिली है।

क्षेत्र के अठगांवा स्थित एलएसडीएस हॉकी स्टेडियम में हॉकी का प्रशिक्षण लेने वाले भुजहुआं निवासी विष्णुकांत सिंह में शुरू से ही हॉकी के प्रति एक जुनून था। बचपन से ही हॉकी की स्टिक उठा चुके विष्णु को मिड फील्डर के तौर पर भारत की 18 सदस्यीय जूनियर हॉकी टीम में शामिल किया गया है। भारत के लिए खेलते हुए वो अपना सबसे पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच आगामी 6 से 13 अक्टूबर तक मलेशिया के जोहोर बहुरू में होने वाले 8वें सुल्तान ऑफ जोहोर कप में खेलेंगे। इस दौरान भारतीय टीम अपने खेले गए 5 राउंड राबिन मैचों में मलेशिया के अलावा न्यूजीलैंड, जापान, आस्ट्रेलिया व ब्रिटेन से भिड़ेगी। इधर विष्णु की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही उनके गांव सहित स्टेडियम में जश्न का दौर शुरू हो गया है। अपनी चपलता के लिए विख्यात विष्णु ने हॉकी की शुरूआत एसटीसी लखनऊ की तरफ से खेलते हुए की। इसके6 माह बाद ही उनकी प्रतिभा उन्हें एसटीसी चंडीगढ़ की टीम में लेकर चली गई। वहां से ये एसटीसी दिल्ली के लिए खेलने लगे और वहीं से उनका चयन दो वर्ष पूर्व बैंगलोर कैम्प के लिए हुआ। दौरान वहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके बाद वहीं उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई और बुधवार को मलेशिया कप के लिए घोषित 18 सदस्यीय टीम में उनका चयन मिड फील्डर के तौर पर कर लिया गया। टीम की सूची आते ही पूरे जनपद व उनके गांव सहित स्टेडियम पर जश्न शुरू हो गया। खेलप्रेमियों ने इसे गाजीपुर की अहम उपलब्धि बताते हुए कहा कि विष्णु ने गांव को देश के फलक पर पहुंचा दिया। फोन पर हुई वार्ता में विष्णु ने बताया कि ये प्रतियोगिता मेरे लिए बेहद अहम है क्योंकि इसमें मेरा नहीं बल्कि देश का सम्मान जुड़ा हुआ है। ऐसे में इसे जिताने में मैं अपना पूरा जोर लगा दूंगा।
