हिंदु मुस्लिम सौहार्द संग बीता मुहर्रम, हसन हुसैन की याद में चाक किया सीना


सैदपुर। मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को नगर के कई स्थानों से ताजिया निकाला गया। इस दौरान ताजिएदारों ने मातमपुर्सी करते हुए सभी ताजियों को एक साथ पूरे नगर में घुमाते हुए कर्बला में ले जाकर दफन कर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मी साथ रहे। इसके पूर्व रौजा द्वार से ताजियादारों ने मातम करते हुए भाला, बनेठी, तलवार आदि से कलाबाजियां दिखाईं और खुद को जख्मी कर अपने गम का इजहार किया। इस दौरान वो हसन हुसैन की सदाएं बुलंद करते हुए चल रहे थे। मुहर्रम के दौरान हिंदुओं ने भी ताजिएदारों का सहयोग किया। खानपुर। मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को जगह जगह ताजिए निकालकर मुस्लिमजनों ने मातम किया। इस दौरान क्षेत्र के खानपुर, अमेहता, बहेरी, रामपुर आदि गांवों में बाँस की खपच्चिय़ों पर रंग-बिरंगे काग़ज़, पन्नी आदि चिपका कर हजरत इमाम हुसैन के मकबरे के रूप में बने ताजिए निकाले गए। पूरे रास्ते भर युद्ध कला का प्रदर्शन करने के साथ ही मुस्लिम युवा सीनाजनी करते हुए चल रहे थे। इसके पश्चात सभी ताजियों को कर्बला में दफन कर दिया गया। इस दौरान पुलिस बल साथ रहा।