अनौनी : सिधौना में बंदर के हमले से महिला घायल, बंदरों का आतंक बढ़ने से ग्रामीण बेहाल, की पकड़ने की मांग

अनौनी। क्षेत्र के सिधौना गांव में बंदरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बंदरों के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल है। तीन दिन पूर्व गांव निवासिनी सरोज देवी पर बंदर ने हमला कर उन्हें काट लिया, जिससे वह घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। फोन पर हुई बातचीत में अमित मिश्र ने बताया कि गांव की गलियों, घरों की छतों और सार्वजनिक स्थानों पर बंदरों के झुंड घूमते रहते हैं। ये बंदर घरों में रखे खाद्य पदार्थों और अन्य सामानों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही लोगों पर भी हमला कर रहे हैं। कई बार बंदरों के अचानक आक्रामक होने से ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाता। बंदरों के बढ़ते हमलों के कारण बच्चों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों को भगाने की कोशिश करने पर वे उल्टा लोगों पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ते हैं। इससे गांव में खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लगातार बढ़ती समस्या के बावजूद अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी है। लोगों ने वन विभाग से गांव में बंदरों के आतंक पर अंकुश लगाने और समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

