सैदपुर : मतदाता सूची के सत्यापन में जुटे अधिकारी, एसडीएम ने शिविर लगाकर लोगों को किया जागरूक

सैदपुर। विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत तरवनियाँ स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को मतदाता सूची के मिलान और सत्यापन का कार्य किया गया। इस दौरान सपा के जिला उपाध्यक्ष कमलेश सोनकर पंकज ने एसडीएम ज्योति चौरसिया, लेखपाल राहुल मौर्य और बीएलओ के साथ मतदाता सूची का अवलोकन किया। साथ ही क्षेत्रीय लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करते हुए सूची में दर्ज नामों और विवरणों का मिलान करने की अपील की। इस दौरान एसडीएम ने लोगों को मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित प्रपत्र भरकर समय रहते उसमें सुधार कराया जा सकता है। पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने, मृतक एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन कराने की व्यवस्था भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। इसके लिए नागरिकों को स्वयं जागरूक होकर अपने नाम और विवरण का सत्यापन करना चाहिए तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। इस मौके पर सभासद बबलू सोनकर, लेखपाल राहुल मौर्य, बीएलओ आदि रहे।

