सैदपुर : इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर दो दिनों से बाधित हुई आपूर्ति, पेट्रोल के लिए भटकते रहे लोग

सैदपुर। नगर सहित औड़िहार और नसीरपुर में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर पिछले दो दिनों से पेट्रोल की आपूर्ति बाधित होने से वाहन सवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार से ही पेट्रोल के लिए लोग एक पंप से दूसरे पंप का चक्कर लगाते रहे। अचानक आई इस समस्या से लग्न समारोहों में शामिल होने जा रहे लोगों के साथ ही सोमवार से शुरू हुई स्नातक परीक्षाओं के परीक्षार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। पेट्रोल नहीं मिलने के कारण कई वाहन चालकों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। लग्न के सीजन में वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बीच आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। वहीं, परीक्षा देने जाने वाले विद्यार्थियों को भी समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की चिंता सताती रही। पेट्रोलियम एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनीत जायसवाल ने बताया कि लग्न के चलते शनिवार को पेट्रोल की बिक्री सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक हुई थी। रविवार को डिपो बंद रहने के कारण नई आपूर्ति नहीं मिल सकी, जिससे पंपों का स्टॉक समाप्त हो गया। उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम तक पेट्रोल की नई खेप पहुंचने की उम्मीद है। आपूर्ति बहाल होते ही पेट्रोल की बिक्री सामान्य हो जाएगी।

