सैदपुर : नवागत बीईओ का शिक्षक संगठनों ने किया स्वागत, शैक्षणिक कार्यों को लेकर हुई चर्चा

सैदपुर। नगर के बीआरसी सभागार में सोमवार को नवागत खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत सिंह का शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों ने माल्यार्पण कर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार पांडेय और बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिला महामंत्री पुनीतकांत त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक नेताओं ने नवागत बीईओ का स्वागत किया। कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक अनुभव से सैदपुर की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालयों के कायाकल्प, निपुण भारत मिशन को सफल बनाने और बच्चों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए शिक्षक पूरी निष्ठा और सकारात्मक सहयोग के साथ कार्य करेंगे। नवागत बीईओ ने स्वागत से अभिभूत होकर सभी शिक्षक संगठनों और शिक्षकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की भावना व्यक्त की। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष हरिशंकर सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, यशवंत सिंह, अभय सिंह यादव, शेषमणि पाठक, राकेश यादव, अरुण यादव आदि रहे। विशिष्ट बीटीसी के ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर समापन किया।

