भीमापार : सादात के 120 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई पल्स पोलियो की खुराक, चलाया गया विशेष अभियान





भीमापार। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए रविवार को सादात ब्लॉक में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बूथ दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय समेत पूरे ब्लॉक में बनाए गए 120 बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों ने पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाई। अभियान के लिए प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बूथ बनाया गया था। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को जागरूक करते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि विकासखंड में कुल 120 पोलियो बूथ बनाए गए थे, जहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर इस बीमारी से सुरक्षित रखना है। उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक विशेष घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की करीब 60 टीमें लगाई गई हैं। ये टीमें गांवों में घर-घर जाकर बच्चों की जानकारी जुटाएंगी और बूथ दिवस पर किसी कारणवश खुराक पीने से छूट गए बच्चों को दवा पिलाएंगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मुहम्मदाबाद : दो दिन से लापता मजदूर का तालाब में उतराया मिला शव, परिजनों का बुरा हाल
अनौनी : भुजाड़ी के पहलवानों का अखाड़े में रहा दबदबा, एक लाख की कुश्ती बराबरी पर छूटी >>