मुहम्मदाबाद : दो दिन से लापता मजदूर का तालाब में उतराया मिला शव, परिजनों का बुरा हाल

मुहम्मदाबाद। थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर परसा गांव के पास रविवार की सुबह एक तालाब में मजदूर का शव उतराया मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मुनेंद्र राम (37) पुत्र स्व. रामलखन राम के रूप में हुई। मुनेंद्र राम शादी-विवाह समारोहों में वेटर का काम करते थे। ग्रामीणों के अनुसार वह अक्सर तालाब में नहाने जाया करते थे। बीते 20 नवंबर को वह घर से किसी शादी समारोह में काम करने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। रविवार तड़के तालाब की तरफ गए एक ग्रामीण ने पानी में शव उतराया देखा। इसकी सूचना मिलते ही अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पहचान होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मुनेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

