जखनियां : मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर हुई शोकसभा, ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि तो समाजसेवी की मां ने शोक में रखा 24 घंटों का उपवास

जखनियां। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर क्षेत्र के मंझनपुर कलां गांव में शोक और संवेदना व्यक्त करने के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। गांव निवासी समाजसेवी रणजीत सिंह के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान रणजीत सिंह की मां रुक्मणी सिंह ने दिवंगत सावित्री देवी के सम्मान में 24 घंटे का उपवास रखा। रविवार की सुबह 10 बजे उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल भावुक रहा और लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। समाजसेवी ने कहा कि मां शब्द अपने आप में ममता, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। मां के व्यक्तित्व और उनके योगदान को किसी राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां के विषय में न तो कोई टीका-टिप्पणी हो सकती है और न ही सियासत की कोई जगह है। उनके निधन पर केवल श्रद्धा और संवेदना व्यक्त की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सावित्री देवी धन्य हैं, जिन्होंने योगी आदित्यनाथ जैसे पुत्र को जन्म दिया। योगी आदित्यनाथ ने अपना जीवन सनातन संस्कृति और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। सभा में उपस्थित लोगों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया। इस मौके पर सरिता गुप्ता, रीमा सिंह, रणधीर सिंह, विनोद सिंह, हरिओम सिंह, व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, गोपाल सिंह, हेमंत सिंह, छेदी सिंह, पिंकू पांडेय, पूर्व जिपं सदस्य अवधेश गिरी, शिवकुमार सिंह, अश्वनी सिंह, जितेंद्र सिंह, अजीत सिंह आदि रहे।

