जखनियां : विशेष अभियान के तहत बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक, अभिभावकों को किया गया जागरूक





जखनियां। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्षेत्र के बारोडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाई और अभिभावकों को भी अभियान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने अभिभावकों को बताया कि पोलियो से बचाव के लिए पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निर्धारित अभियान के दौरान खुराक पिलाना जरूरी है। बच्चे को पहले कई बार पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी हो, तब भी अभियान के दौरान उसे खुराक अवश्य दिलानी चाहिए। टीम ने लोगों से अपने बच्चों के साथ ही आसपास और पड़ोस में रहने वाले छोटे बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलवाने के लिए प्रेरित किया। अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विद्यालय के शिक्षकों ने भी सहयोग किया। विद्यालय के शिक्षक संदीप पाण्डेय ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए पोलियो अभियान में सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और नियमित टीकाकरण के माध्यम से ही बच्चों को पोलियो जैसी बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गोरखपुर : दिसंबर में कई ट्रेनों का संचालन होगा प्रभावित, कुछ रद्द तो कईयों के बदले जाएंगे रास्ते, अगले माह रेल संरक्षा आयुक्त करेंगे निरीक्षण
जखनियां : मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर हुई शोकसभा, ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि तो समाजसेवी की मां ने शोक में रखा 24 घंटों का उपवास >>