सैदपुर : तहसील में लगी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रदर्शनी, लोगों को समझाई गई मतदान प्रक्रिया, एसडीएम ने किया निरीक्षण

सैदपुर। मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील परिसर में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान तहसील में आने वाले आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और जनप्रतिनिधियों को मशीनों के संचालन और मतदान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में तहसीलकर्मी ईवीएम और वीवीपैट मशीन लेकर मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को बताया कि ईवीएम के माध्यम से मतदाता किस प्रकार अपना मत दर्ज करते हैं और वीवीपैट मशीन के जरिए किस तरह अपने दिए गए मत की पर्ची देखकर उसका सत्यापन कर सकते हैं। लोगों को मशीनों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे। इस दौरान लोगों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी किया गया। प्रदर्शनी का उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने निरीक्षण किया। उनके साथ तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार श्याम गुप्ता और सुमन यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनी की व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल तरीके से समझाना है, जिससे मतदाताओं का भरोसा मजबूत हो और वे चुनाव के दौरान बिना किसी भ्रम के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। एसडीएम ने कहा कि अब ये मशीनें तहसील में मतदान तक प्रदर्शित की जाती रहेंगी।

