सादात : खाटू श्याम जन्मोत्सव पर सादात में निकली भव्य शोभायात्रा, दैवीय भजनों पर झूमे श्रद्धालु

सादात। देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार की देर शाम नगर में श्री खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ ठाकुरद्वारा मंदिर के पास से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। भक्तों की ओर से लगाए जा रहे ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और कलयुग के सरकार’ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा का जगह-जगह नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।

