गाजीपुर : ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की सख्त पैरवी का दिखा असर, मारपीट मामले में चार दोषियों को मिली सजा

गाजीपुर। अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गाजीपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। प्रभावी पैरवी और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने सुहवल थाना क्षेत्र के एक पुराने मामले में चार आरोपितों को दोषी करार देते हुए अलग-अलग धाराओं में कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। सुहवल थाने में 2013 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में ग्राम दुहिया निवासी अखिलेश बिंद पुत्र कृष्ण बिंद, नारद बिंद पुत्र छांगुर बिंद, धीरज बिंद पुत्र छांगुर बिंद और विनोद बिंद पुत्र राजदेव बिंद को न्यायालय ने दोषसिद्ध किया। जिसके तहत न्यायालय ने धारा 147 में प्रत्येक दोषी को एक वर्ष का कारावास, धारा 148 में दो वर्ष का कारावास तथा धारा 452 में तीन वर्ष का कारावास की सजा सुनाई। वहीं धारा 308/149 में भी प्रत्येक दोषी को तीन वर्ष का कारावास सुनाते हुए चारों धाराओं में कुल 5-5 हजार रूपए का अर्थदंड लगाया। जुर्माना न देने पर संबंधित धाराओं में क्रमशः पांच, सात और दस-दस दिन के अतिरिक्त कारावास का भी प्रावधान किया गया है। इस मामले में सजा दिलाने के लिए मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष की ओर से लगातार प्रभावी पैरवी की गई। इसमें एडीजीसी रामकुमार राय, मॉनिटरिंग सेल प्रभारी अशोक मिश्रा, कोर्ट मोहर्रिर राजकुमार तथा पैरोकार अशोक कुमार की भूमिका रही।

