सैदपुर : रानी लक्ष्मीबाई के साहस और बलिदान को किया गया नमन, अभाविप ने जयंती मना किया उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान

सैदपुर। क्षेत्र के गोरखा स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सैदपुर नगर इकाई की ओर से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान महारानी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही देश की आजादी के लिए उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया गया। शिक्षक विजय कुमार ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन नारी शक्ति, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जिस साहस और दृढ़ संकल्प के साथ अंग्रेजी हुकूमत का मुकाबला किया, वह आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। वहीं, अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण सदैव युवाओं को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। विद्यार्थी परिषद युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और सेवा की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस मौके पर अभाविप के प्रभात सिंह, अंजली, शनि सिंह, शिवम, शाहिद आदि रहे।

