सैदपुर : ब्याज माफी योजना से व्यापारियों को मिलेगी बड़ी राहत, 100 प्रतिशत तक ब्याज छूट का प्रावधान, राज्य कर विभाग ने की बैठक

सैदपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ब्याज माफी योजना-2026 का लाभ अधिक से अधिक व्यापारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर में राज्य कर विभाग की ओर से जागरूकता बैठक आयोजित की गई। संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुरेंद्र बहादुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारी, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और ईंट-भट्ठा कारोबारियों ने भाग लिया। इसमें योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ब्याज एवं अर्थदंड में छूट तथा पुराने कर मामलों के निस्तारण की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना 31 दिसंबर 2025 तक सृजित पुराने कर बकायों पर लागू होगी। इसके तहत मूल बकाया जमा करने पर बकाया राशि के अनुसार ब्याज में 50 से 100 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। वहीं सभी पात्र श्रेणियों में अर्थदंड पर 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है। बैठक में स्वगणना के संबंध में भी व्यापारियों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने अधिवक्ताओं और सीए से अपने-अपने क्षेत्र के व्यापारियों को योजना की जानकारी देने तथा आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजना से पुराने कर विवादों के निस्तारण में मदद मिलेगी और व्यापारियों को ब्याज के अतिरिक्त बोझ से राहत मिलेगी। व्यापारी प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं ने योजना का स्वागत करते हुए इसे पुराने बकाये निपटाने और कारोबार को नई गति देने का बेहतर अवसर बताया। आवेदन के दौरान आने वाली तकनीकी और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जनपद स्तर पर हेल्पडेस्क की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर राज्य कर विभाग के उपायुक्त संजीव कुमार, विवेक मिश्रा, राजेश ओझा, वाणिज्य कर अधिकारी विवेक मणि, किरण सहित अधिवक्ता बसंत सेठ आदि रहे।

