जखनियां : गुरु दीक्षा से ही भगवान की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है - स्वामी भवानी नंदन यति

जखनियां। क्षेत्र के सिद्धपीठ हथियाराम मठ में गुरुवार को गुरु दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं और शिष्यों को महामंडलेश्वर स्वामी भवानी नंदन यति महाराज ने दीक्षा प्रदान की। इस दौरान उन्होंने गुरु की महिमा, आध्यात्मिक साधना और ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य भगवान को जानना और उनकी प्राप्ति करना है। इसके लिए गुरु का मार्गदर्शन और गुरुमुख होना आवश्यक है। बिना गुरु के सच्चे ज्ञान और आध्यात्मिक मार्ग की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि साधु-संतों की कोई जाति नहीं होती, उनकी पहचान ज्ञान, तप और साधना से होती है। गुरु द्वारा दिया गया ज्ञान अनंत होता है। शिष्य को गुरु के बताए मंत्र का नियमित जाप करने के साथ उनके निर्देशों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने आत्मा और शरीर के अंतर को समझाते हुए कहा कि आत्मा अजर-अमर है, जबकि शरीर नश्वर है। मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर परमात्मा की भक्ति में मन लगाना चाहिए। माता शबरी का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि गुरु से मंत्र प्राप्त करने के बाद उन्होंने जीवनभर भगवान श्रीराम की प्रतीक्षा और भक्ति की। उनकी अटूट श्रद्धा के कारण भगवान श्रीराम स्वयं उनकी कुटिया तक पहुंचे। यह गुरु दीक्षा और सच्ची भक्ति की महिमा का उदाहरण है। उन्होंने शिष्यों को राम नाम का नियमित जाप करने और गुरु के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। इस दौरान सिद्धेश्वरी मां भगवती के प्रांगण में पुजारी सर्वेश चंद्र पांडेय ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया।

