जौनपुर : चोरी के व पुराने मोबाइलों से क्लोन बनाकर अपराध करता था गिरोह, भंडाफोड़ के बाद 939 मोबाइल और 20 हजार टूटे फोन बरामद, 7 गिरफ्तार





जौनपुर। जिले में पुलिस ने चोरी और संदिग्ध तरीके से जुटाए गए मोबाइल फोन के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 939 मोबाइल फोन और करीब 20 हजार टूटे-फूटे मोबाइल बरामद किए हैं। मोबाइल फोन के अलावा पुलिस को करीब 40 बोरियों में भरे पुराने मोबाइल और उनके स्क्रैप पार्ट्स भी मिले हैं। इस मामले में पुलिस ने संजय सिंह, कामेश गुप्ता, सौरभ गुप्ता, अजय नायक, अखिलेश नायक, संजय सिंह और हाशिम खान समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बक्सा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से चोरी सहित अन्य माध्यमों से कम कीमत पर मोबाइल फोन खरीदते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल एकत्र होने के बाद उन्हें सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता के किराये के मकान में रखा जाता था। वहां पुराने और खराब मोबाइलों से मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा सहित अन्य उपयोगी पार्ट्स निकालकर अलग किए जाते थे। इन पार्ट्स की मदद से कस्टमाइज्ड क्लोन मोबाइल फोन तैयार किए जाते थे। इसके बाद हाशिम खान उर्फ वसीम के माध्यम से दिल्ली में अलग-अलग पार्टियों को बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास बरामद मोबाइल फोन के संबंध में कोई रसीद या वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और स्क्रैप पार्ट्स का साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए उनकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। पुराने मोबाइल फोन में मौजूद डेटा और डिजिटल पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी कॉल, लिंक भेजने अथवा अन्य साइबर अपराधों को अंजाम दिए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क और मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< खानपुर : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार
अनौनी : बंदरों के उत्पात से लोग बेहाल, तीन महीने से घरों की छतों पर उत्पात मचा पानी की टंकी और सोलर प्लेट को पहुंचा रहे नुकसान >>