जखनियां : घने कोहरे में सूर्य दर्शन का इंतजार करती रहीं व्रती महिलाएं, देर से उगने के बाद अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि

जखनियां। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह घना कोहरा छाए रहने के कारण व्रती महिलाओं को भगवान सूर्य के दर्शन के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद उनकी आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। भोर करीब चार बजे से ही व्रती महिलाएं स्थानीय कस्बे के अमृत सरोवर, कोतवाली के सामने स्थित सेठ जी का पोखरा, रेवरिया गांव के पास मंगई नदी पुल, बरोड़ीह सहित विभिन्न घाटों पर पहुंचने लगी थीं। पारंपरिक सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री सजाकर महिलाएं जल में खड़ी होकर भगवान भाष्कर के उदय होने की प्रतीक्षा करती रहीं। सूर्यदेव के दर्शन होते ही व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन किया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

