वाराणसी : छठ विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारियों को लेकर डीआरएम ने किया बांसडीह रोड स्टेशन का निरीक्षण, संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता परखी

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने सोमवार को वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता का जायजा लिया। साथ ही छठ पर्व के दौरान संचालित विशेष ट्रेनों के परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने स्टेशन मास्टर से छठ पर्व के दौरान चलाई जा रही विशेष ट्रेनों के परिचालन और उनसे संबंधित नियमों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही पैनल इंटरलॉकिंग, आपातकालीन बटन, संकेतक एवं डिस्प्ले, संचार उपकरण, रिले रूम, आईपीएस रूम, डाटा लॉगर, सीएलएस पैनल, समपार फोन और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने कर्मचारियों की कार्यदक्षता और तत्परता का भी आकलन किया तथा आवश्यक रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन किया। यात्री सुविधाओं के तहत प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म की सतह, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता का जायजा लिया। डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। सभी संरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कर उन्हें हमेशा कार्यशील अवस्था में रखा जाए। साथ ही संरक्षा नियमों और निर्धारित परिचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, सहायक सुरक्षा आयुक्त एनएम यादव सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

