वाराणसी : छपरा से दिल्ली के लिए चलेगी विशेष ट्रेन, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा और लखनऊ होते हुए पहुंचेगी दिल्ली

वाराणसी। छठ महापर्व के बाद यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे ने छपरा से दिल्ली के बीच एक फेरे के लिए त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 05053 छपरा-दिल्ली विशेष ट्रेन 18 नवंबर, बुधवार को रात नौ बजे छपरा से रवाना होकर अगले दिन रात 8ः20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन मशरख, सीवान, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला और गाजियाबाद स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन दूसरे दिन सुबह 2ः40 बजे गोरखपुर, 3ः30 बजे खलीलाबाद, 3ः57 बजे बस्ती, 5ः30 बजे गोंडा, 8ः40 बजे लखनऊ और 11ः05 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद टूंडला और गाजियाबाद होते हुए रात 8ः20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के नौ, शयनयान श्रेणी के छह तथा एसएलआर के दो कोच सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि त्योहार के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

