सैदपुर : औड़िहार व फुलवारी सहित पूरे क्षेत्र में गंगा किनारे श्रद्धा और उल्लास के साथ मना छठ का महापर्व, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण





सैदपुर। क्षेत्र के औड़िहार स्थित वाराह घाट, फुलवारी आदि गंगा घाट पर लोक आस्था और सूर्याेपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के दौरान गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वाराह घाट पर किए गए बेहतर इंतजामों के बीच छठी मइया के पारंपरिक गीतों और आकर्षक सजावट से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। पर्व के दौरान व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर गाजे-बाजे के साथ गंगा घाट पहुंचीं। जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। बीते कई दशकों से घाट पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का इंतजाम कर रहे वरिष्ठ नेता देवराज सिंह ठाकुर, युवा नेता नितेश सिंह भोनू, प्रधान प्रतिनिधि राजन सिंह आदि ने भी भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया। इस दौरान भोर से ही व्रती महिलाएं पुनः गंगा में खड़ी होकर उगते सूर्य की प्रतीक्षा करती रहीं। घने कोहरे के चलते देर से निकली सूर्य की पहली किरण के साथ ही उन्होंने भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते घाट और गंगा तट तक पहुंचती श्रद्धालुओं की कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए जैसे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। कई व्रती महिलाओं ने कोसी भरने की परंपरा भी निभाई। 36 घंटे की कठिन निर्जला साधना के बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने पारण किया। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हो गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सिधौना : करीब सात महीने बाद सिधौना-रामपुर हाल्ट पर फिर शुरू हुई टिकट बिक्री, पांच साल के लिए वेंडर को मिला टिकट बिक्री का अनुबंध
वाराणसी : छठ के बाद भी यात्रियों को मिल रही रेलवे की सौगात, छपरा से मुंबई के बीच चलेगी त्योहार विशेष ट्रेन >>