सैदपुर : दो बाइकों की भीषण टक्कर में डीजे संचालक की मौत, नवजात बेटी की छठिहार के अगले ही दिन बेटी के सिर से उठा पिता का साया





सैदपुर। थानाक्षेत्र के चकताज कटघरा गांव में हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैदपुर के मिर्जापुर निवासी 28 वर्षीय इलफान पुत्र वीरू परिवार चलाने के लिए मनरेगा में मजदूरी करने के साथ ही कभी डीजे चलाने का काम भी करता था। इसके अलावा वह कबाड़ का कारोबार भी करता था। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए उसे जो भी काम मिलता था, वह कर लेता था। इस बाबत प्रधान रजई यादव ने बताया कि मृतक चकताज कटघरा गांव में डीजे मशीन के लिए सट्टा लेने गया था। वहां से गांव के एक युवक के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। घटना में दूसरी बाइक पर जियनचक निवासी 25 वर्षीय अभिषेक बिंद पुत्र पप्पू बिंद और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भी सवार था। हादसे में इलफान के साथ ही अभिषेक भी बेहद गम्भीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए दोनों को सीएचसी लाया गया, जिसमें समाजसेवी अभिषेक साहा ने भी सहयोग किया। इसके बाद दोनों को गम्भीर हाल में पहले ग़ाज़ीपुर व वहां से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। जहां इलफान की मौत हो गयी। वहीं अभिषेक का इलाज चल रहा है। बाइक के परखच्चे उड़ गए थे। मृतक इलफान की पत्नी सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका ढाई साल का बेटा चांद है। वहीं, उसकी एक नवजात बेटी ने भी 6 दिन पूर्व ही जन्म लिया था। शनिवार को ही बेटी की छठी थी। बेटी के जन्म से घर में मांगलिक माहौल था। घर में जहां कुछ घंटे पहले तक नवजात के आगमन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है, शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : बाइक की टक्कर से घायल अधेड़ की ट्रामा सेंटर में मौत, परिवार में मचा कोहराम, बेटी व भतीजे के साथ लौट रहे थे घर
औड़िहार : अर्जुन अवार्ड लेकर लौटे राजकुमार पाल का औड़िहार स्टेशन पर भव्य स्वागत, ढोल-नगाड़ों के बीच गूंजे भारत माता की जय के नारे >>