औड़िहार : अर्जुन अवार्ड लेकर लौटे राजकुमार पाल का औड़िहार स्टेशन पर भव्य स्वागत, ढोल-नगाड़ों के बीच गूंजे भारत माता की जय के नारे

औड़िहार। अर्जुन अवार्ड से सम्मानित भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ओलंपियन राजकुमार पाल के औड़िहार पहुंचने पर खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। रविवार की सुबह करीब दस बजे सुहेलदेव एक्सप्रेस से औड़िहार रेलवे स्टेशन पहुंचे राजकुमार पाल के स्वागत के लिए पहले से ही बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। स्टेशन परिसर में पहुंचते ही लोगों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भारत माता की जय और स्व. तेज बहादुर सिंह अमर रहें के नारों से पूरा स्टेशन परिसर गूंज उठा। अपने चहेते हॉकी खिलाड़ी, ओलंपियन और अर्जुन अवार्ड विजेता राजकुमार पाल के साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए प्रशंसकों में होड़ लगी रही। लोगों ने उन्हें सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। स्टेशन पर स्वागत समारोह के बाद राजकुमार पाल वाहनों के काफिले के साथ मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम, करमपुर के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर मेघबरन हॉकी स्टेडियम के प्रबंधक अनिकेत सिंह, मनोज सिंह, चंद्रशेखर राम, ध्रुव सिंह, अजीत पांडेय, बलराम राम, धर्मेंद्र मोदनवाल, बाबू, गोपीनाथ आदि रहे।

