सैदपुर : वेद इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, बाल मेले में खेल-खिलौनों और लजीज व्यंजनों के बीच लकी ड्रॉ में विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार





सैदपुर। क्षेत्र के बासूपुर स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक खेलों का जमकर लुत्फ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ। इस दौरान विद्यालय के चेयरमैन अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक पंकज श्रीवास्तव, प्रधान निदेशिका ऋचा श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने मां सरस्वती और पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक पंकज श्रीवास्तव ने बच्चों को पंडित नेहरू के जीवन आदर्शों, बच्चों के प्रति उनके स्नेह और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में बताया। वहीं प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिज्ञासु बने रहने, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। बाल मेले में चाट, गोलगप्पे, दही बड़ा, छोले-भटूरे, कॉटन कैंडी, नूडल्स, जलेबी, चूड़ा-मटर, पकौड़ी, पॉपकॉर्न और बेकरी उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इसके साथ ही ग्लास पिरामिड, कॉइन इन ए बकेट, हांडी फोड़ प्रतियोगिता और डिज्नी वर्ल्ड जैसे मनोरंजक खेलों ने बच्चों का खूब मनोरंजन किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर सीनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों तक में मेले को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान कुछ समय के लिए सभी स्टॉलों पर बच्चों को बारी-बारी से निःशुल्क आनंद लेने का अवसर भी दिया गया। मेले का एक अन्य प्रमुख आकर्षण लकी रैफल टिकट ड्रॉ रहा। इसके माध्यम से प्रथम से पंचम श्रेणी तक के चयनित विजेताओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य महेश शुक्ला, कोऑर्डिनेटर अपूर्वा सिन्हा एवं पूनम श्रीवास्तव सहित राज वर्मा, आलोक सिंह कुशवाहा, अभिषेक गुप्त, राजन गुप्ता, शैलेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, नम्रता मिश्रा आदि रहे। अंत में प्रबंध निदेशक पंकज श्रीवास्तव और प्रधान निदेशिका ऋचा श्रीवास्तव ने आयोजन की सफलता पर सभी का आभार जताते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : 52 वेदियों वाला छठ घाट तैयार लेकिन रास्ते में गंदे पानी और बजबजाती नालियों से परेशानी, सफाईकर्मियों का इंतजार करते थक गए ग्रामीण तो खुद की सफाई
बहरियाबाद : राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में आदित्य यादव ने जीता स्वर्ण पदक, 3000 मीटर में अव्वल आकर रोशन किया गाजीपुर का नाम >>