अनौनी : 52 वेदियों वाला छठ घाट तैयार लेकिन रास्ते में गंदे पानी और बजबजाती नालियों से परेशानी, सफाईकर्मियों का इंतजार करते थक गए ग्रामीण तो खुद की सफाई





अनौनी। क्षेत्र के जमीन संदल में छठ पूजा की तैयारियां तो जोर-शोर से की गई हैं, लेकिन घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाल सफाई व्यवस्था ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गांव के निजी पोखरे पर छठ पूजा के लिए 52 वेदियों का निर्माण कराया गया है, लेकिन घाट तक जाने वाले रास्ते पर गंदे नालों का पानी बह रहा है। बजबजाती नालियों की सफाई नहीं होने से पूरे रास्ते में दुर्गंध फैल रही है। ऐसे में छठ पूजा के दौरान इसी रास्ते से होकर गुजरने वाली व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। छठ महापर्व को लेकर गांव के पोखरे पर वेदियों का निर्माण कराकर पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट को व्यवस्थित भी किया गया है, लेकिन घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की सफाई पर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं गया। जगह-जगह नालियों का गंदा पानी बहने और कचरा जमा होने से रास्ते की स्थिति खराब हो गई है। दुर्गंध के कारण वहां से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद की, लेकिन सफाईकर्मी के नहीं पहुंचने से समस्या जस की तस बनी रही। आखिरकार ग्रामीणों ने खुद ही सफाई की जिम्मेदारी संभाल ली। छठ जैसे आस्था के महापर्व पर श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से होकर घाट तक न जाना पड़े, इसके लिए गांव के लोगों ने श्रमदान कर सफाई अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान धर्मेंद्र बिन्द, रामकरन बिन्द, जोखू बिन्द, अभिषेक बिन्द, शोभनाथ बिन्द, प्रीतम बिन्द, चन्दन बिन्द, अमित कुमार, मुनीब बिन्द, रविशंकर आदि ग्रामीणों ने मिलकर घाट से लेकर रास्ते तक सफाई की। ग्रामीणों ने नालियों और रास्ते पर फैली गंदगी को हटाने का प्रयास किया, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। ग्रामीणों का कहना है कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी गांव की सफाई व्यवस्था की अनदेखी होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जब ग्रामीण स्वयं श्रमदान कर सफाई करने को मजबूर हैं तो जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घाट तक जाने वाले रास्ते और नालियों की समुचित सफाई कराने की मांग की है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : छठ घाटों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, गोमती के गहरे पानी में बल्ली से बैरिकेडिंग व किनारे पर्याप्त रोशनी का दिया निर्देश
सैदपुर : वेद इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, बाल मेले में खेल-खिलौनों और लजीज व्यंजनों के बीच लकी ड्रॉ में विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार >>